{"vars":{"id": "106882:4612"}}

अब भारत बनेगा नंबर 1 कार मैन्युफैक्चरिंग सेंटर, इलेक्ट्रिक गाड़ियों के निवेश पर नितिन गडकरी ने कह दी बड़ी बात 

 

Indian Automobile Sector : भारत के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय नितिन गडकरी ने एक बार फिर भारत को विश्व मंच पर नंबर 1 बनाने की बात कही है और इस बार केंद्र में है भारतीय वाहन उद्योग। नितिन गडकरी ने गुरुवार को गुजरात वाइब्रेंट ग्लोबल समिट 2024 के दौरान कहा कि सरकार का मिशन भारत को दुनिया का नंबर एक ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना है। उन्होंने कहा, ''हम ऑटोमोटिव उद्योग को 25 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ाना चाहते हैं।''

एक सेमिनार को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने वाहन निर्माताओं से स्वच्छ प्रौद्योगिकी, खासकर इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में निवेश करने को कहा। उन्होंने कहा, "अगर वे ऐसा नहीं करेंगे तो वे पीछे रह जायेंगे।" गडकरी ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश को 5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य के तहत, हम ऑटोमोटिव सेक्टर को 2.5 लाख करोड़ रुपये का उद्योग बनाना चाहते हैं।"

“हमें नंबर एक बनना है। हमारा मिशन, हमारा लक्ष्य भारतीय ऑटोमोटिव उद्योग को दुनिया में नंबर 1 विनिर्माण केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने मंत्री पद संभाला था, तब भारत का ऑटोमोटिव सेक्टर दुनिया में 7वें स्थान पर था। अब हम जापान को पछाड़कर तीसरे स्थान पर आ गये हैं। ऑटोमोटिव क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं और यह न केवल घरेलू बाजार तक, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार तक फैला हुआ है।
भारत में वाहन उद्योग इस समय 12.5 लाख करोड़ रुपये का है। गडकरी ने कहा कि उद्योग ने देश में 40 मिलियन नौकरियां पैदा की हैं। उद्योग राज्य और केंद्र सरकारों को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के रूप में सबसे अधिक राजस्व का भुगतान करता है। विद्युतीकरण पर उन्होंने कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बिक्री पिछले कुछ वर्षों में कई गुना बढ़ी है। उन्होंने लोगों से ईवी में निवेश करने की अपील की अन्यथा वे पीछे रह जायेंगे।