khelo Rajasthan Games-2026: अब 12 की जगह 16 खेलों में दमखम दिखाएंगे खिलाड़ी, चार नए खेल शामिल
राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, जयपुर की ओर से ग्रामीण और पारंपरिक खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित किए जा रहे 'खेलो राजस्थान गेम्स-2026' का दायरा बढ़ा दिया गया है। अब इस खेल महाकुंभ में पहले से तय 12 खेलों के साथ चार नए खेलों को भी शामिल किया गया है। इससे अब खिलाड़ी कुल 16 खेलों में राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
ये चार नए खेल हुए शामिल
खेल विभाग की ओर से इस बार प्रतियोगिता में हॉकी, टेनिस बॉल क्रिकेट, शूटिंग बॉल और मलखंभ को नए खेलों के रूप में जोड़ा गया है। इन खेलों के जुड़ने से प्रतापगढ़ जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बेहतर मंच मिलेगा।
प्रतियोगिता का उद्देश्य
खेल विभाग के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान करना है। इसके तहत खिलाड़ियों को ग्राम पंचायत, ब्लॉक, जिला और फिर राज्य स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा मिलेगा।
तीन चरणों में होगा खेल महाकुंभ का आयोजन
खेलो राजस्थान गेम्स का आयोजन तीन अलग-अलग चरणों में किया जाएगा, जिसका कार्यक्रम इस प्रकार है:
- प्रथम चरण (15 दिसंबर से): इसमें वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी, तीरंदाजी और नए शामिल किए गए खेल शूटिंग बॉल की प्रतियोगिताएं होंगी।
- द्वितीय चरण (अप्रैल से मई 2027): इस चरण में कबड्डी, फुटबॉल, जूडो और निशानेबाजी (शूटिंग) के साथ नए खेल मलखंभ और टेनिस बॉल क्रिकेट के मुकाबले खेले जाएंगे।
- तृतीय चरण (अगस्त से सितंबर 2027): अंतिम चरण में खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल, सतोलिया और हॉकी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।