पंचकूला पुलिस ने मारा बड़ा हाथ, किया हरियाणा के दो बड़े आरोपियों को गिफ्तार
Haryana News : पंचकूला पुलिस ने शहर में हो रही स्नैचिंग की घटनाओं पर शिकंजा कसते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों की पहचान कवि बिष्ट उर्फ रवि और जितेन्द्र उर्फ हनी के रूप में हुई है, जो अपनी पलसर बाइक पर सवार होकर महिलाओं से बैग, चेन और अन्य कीमती सामान छीनने की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस की यह कार्रवाई शहर में सुरक्षा की स्थिति को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।
रवि उत्तराखंड के नैनीताल का निवासी है और 2019 की स्नैचिंग घटना में सजा भुगत चुका था। दिसंबर 2024 में जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से इस तरह की अपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया।जितेन्द्र पंजाब के होशियारपुर का निवासी है और वर्तमान में जीरकपुर के बलटाना में किराए पर रह रहा है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कवि को सेक्टर 4 से गिरफ्तार किया और रवि को साइबर सेल की मदद से मनीमाजरा से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, इन दोनों ने कुछ घंटे पहले ही पंचकूला के सेक्टर 9 में एक महिला आशा जोहर का बैग छीन लिया था, जिसमें आईफोन और कुछ नकद राशि थी। इस घटना में महिला को चोट भी आई। इसके अलावा, सेक्टर 16 में एक महिला से सोने की चैन और बालियां छीनने की कोशिश की थी, जिसमें महिला घायल हो गई। सेक्टर 4 में भी एक अन्य महिला का पर्स छीनने की कोशिश की गई थी।
इन घटनाओं के बाद पंचकूला पुलिस ने अपनी गुप्त सूचना प्रणाली का उपयोग करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस चौकी सेक्टर-10 के इंचार्ज गुरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस की यह कार्रवाई स्नैचिंग जैसी घटनाओं को रोकने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अब और अधिक सख्त कार्रवाई करेगी ताकि शहरवासियों को सुरक्षित रखा जा सके।