राजस्थान में बजट पास बैठक को लेकर हुआ जमकर विरोध, नागरिकों ने सड़कों पर लगाया जाम
Rajasthan News : महापौर कुंति देवड़ा ने इसे पार्षदों के हक की लड़ाई से जोड़ते हुए कहा कि जब पार्षदों को बजट ही नहीं मिलेगा, तो वे विकास कार्य कैसे कर सकते हैं? इस मुद्दे पर विरोध के बाद महापौर ने बैठक को दो दिन के लिए स्थगित कर दिया और कहा कि संशोधित बजट के साथ बैठक दो दिन बाद आयोजित की जाएगी।
बैठक का स्थगन और उसका कारण
महापौर कुंति देवड़ा ने स्पष्ट किया कि पार्षद निधि के टेंडर न जारी होने के कारण बैठक स्थगित की गई। उनका कहना था, "हम एक साल से पार्षदों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। अगर बजट ही उपलब्ध नहीं होगा तो विकास कार्यों की योजना कैसे बनेगी?"
विधायक अतुल भंसाली का विरोध
बैठक में मौजूद शहर विधायक अतुल भंसाली ने इस निर्णय का विरोध करते हुए कहा कि जब बजट की प्रति पहले ही सदन में रखी जा चुकी है और अनुमोदित हो चुकी है, तो इसे स्थगित नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद कांग्रेस पार्षदों के विरोध और हंगामे के कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा।
बैठक के स्थगित होने के बाद पार्षदों ने नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी से मुलाकात की और पार्षद निधि के टेंडर को जल्द जारी करने की मांग की। महापौर ने आयुक्त को 24 घंटे के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने जवाब में कहा, "फंड की उपलब्धता के अनुसार मंजूरी दी जाती है, और कुछ प्रशासनिक तथा वित्तीय मुद्दे हैं जिन पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।"
भाजपा और कांग्रेस के बीच नारेबाजी
बैठक स्थगित होने के बाद भा.ज.पा और कांग्रेस के पार्षदों के बीच तीखी नारेबाजी देखने को मिली। कांग्रेस पार्षदों ने "पर्ची सरकार मुर्दाबाद" के नारे लगाए, जबकि भाजपा पार्षदों ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ नारेबाजी की। यह विरोध-प्रदर्शन नगर निगम की बैठक के बाद तेज हो गया, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया।
जोधपुर नगर निगम का बजट
भा.ज.पा शासित जोधपुर नगर निगम दक्षिण का बजट बुधवार को महापौर वनिता सेठ द्वारा पेश किया जाएगा। दक्षिण निगम की अधिक राजस्व आय के कारण वहां पार्षदों के लिए पहले ही 25-25 लाख रुपये के टेंडर जारी किए जा चुके हैं, जो हापौर के मुकाबले एक अलग स्थिति दर्शाता है।