Khelo Rajasthan 2026: खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर, अब 30 नवंबर तक करें रजिस्ट्रेशन; 15 दिसंबर से आगाज संभव
Khelo Rajasthan 2026: प्रदेश की ग्रामीण और शहरी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए आयोजित होने वाली महत्वाकांक्षी ‘खेलो राजस्थान’ प्रतियोगिता के कार्यक्रम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पहले यह प्रतियोगिता 1 दिसंबर से प्रस्तावित थी, लेकिन अब स्कूली अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए इसका पहला चरण 15 दिसंबर से शुरू होने की संभावना है। हालांकि, परीक्षाओं की तिथियों के अनुसार अंतिम कार्यक्रम में आंशिक बदलाव भी संभव है।
30 नवंबर तक बढ़ेगी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की तिथि
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए राहत भरी खबर है कि अब वे 30 नवंबर तक अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। राज्य सरकार इस महाआयोजन पर हर साल करीब 50 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके माध्यम से प्रदेश की 11,341 ग्राम पंचायतों के खिलाड़ियों को गांव से लेकर राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का सीधा मंच मिलेगा।
तीन चरणों में होंगे 17 खेलों के मुकाबले
इस बार प्रतियोगिता का दायरा बढ़ाते हुए एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, हॉकी और कुश्ती सहित कुल 17 खेलों को शामिल किया गया है। सभी मुकाबले तीन चरणों में संपन्न होंगे।
• पहला चरण: इसमें वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी और तीरंदाजी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
• अन्य चरण और खेल: आगामी चरणों में कबड्डी, फुटबॉल, जूडो और निशानेबाजी (शूटिंग) के रोमांचक मुकाबले होंगे। इसके साथ ही पारंपरिक और
लोकप्रिय खेलों जैसे खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल और सतोलिया को भी विशेष बढ़ावा दिया जाएगा।
विजेताओं को मिलेंगे पदक और प्रमाण-पत्र
गांव स्तर से शुरू होकर राज्य स्तर तक जाने वाली इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से प्रमाण-पत्र और पदक देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जा सके।