यूपी में हुआ भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत 2 घायल
UP News : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गुलावठी थाना इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसा गांव पितुवास के पास हुआ, जहां एक कार बेकाबू होकर रजवाहे में पलट गई। इस दुर्घटना में अमरोहा जिले के निपेंद्र (36), उनके बेटे कन्हैया (15), भाई की बेटी वंशिका (16), और हर्ष (12) की जान चली गई। वहीं, निपेंद्र की पत्नी कौशल गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह परिवार सोमवार को कौशल के मामा हंसराज की पोती के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गांव नगला काला आया था। विवाह के बाद मंगलवार सुबह यह परिवार वापस अमरोहा लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के समय वे अपनी ऑल्टो कार से यात्रा कर रहे थे, और करीब तीन किलोमीटर दूर पितुवास के पास रजवाहे में कार अनियंत्रित हो गई, जिससे यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।
