दिल्ली मेट्रो का खास आयोजन! महिलायें जीत सकती हैं ढेरों इनाम, देखें कार्यक्रम की पूरी जानकारी

DMRC: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day) के मौके पर, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने महिला यात्रियों के लिए एक शानदार और रोमांचक आयोजन की घोषणा की है। इस खास अवसर को और भी यादगार बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो द्वारा ‘ऑन- द- स्पॉट पेबल आर्ट’ (कंकड़ कला) और सुडोकू प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन दिल्ली मेट्रो के प्रमुख स्टेशनों पर आयोजित किया जाएगा, जहाँ महिलाएं अपनी रचनात्मकता को प्रदर्शित कर सकती हैं और विभिन्न पुरस्कारों के लिए प्रतिस्पर्धा कर सकती हैं।
डीएमआरसी के मुख्य कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि ये गतिविधियां तीन प्रमुख मेट्रो स्टेशनों राजीव चौक, विश्वविद्यालय और दिल्ली हाट-आईएनए मेट्रो स्टेशनों पर क्रमश: 28 फरवरी, 3 मार्च और 4 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी, जहां सभी महिला यात्री भाग ले सकेंगी और अपनी रचनात्मक कलाओं का प्रदर्शन कर सकेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ कंकड़ कला कृतियों को दिल्ली मेट्रो के विभिन्न स्टेशनों पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” (@OfficialDMRC) पर 28 फरवरी से 4 मार्च तक रोजाना ऑनलाइन क्विज का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक दिन सही उत्तर देने वाली प्रथम महिला प्रतिभागी को पुरस्कार दिया जाएगा।
सुडोकू प्रतियोगिता और ऑनलाइन क्विज़ के विजेताओं की घोषणा 5 मार्च को दिल्ली मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट (www.delhimetrorail.com) पर की जाएगी। सभी विजेताओं को प्रशंसा प्रमाण पत्र और आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। यदि आप भी दिल्ली मेट्रो में महिला यात्री हैं, तो इस अनोखे अवसर को न चूकें और इस विशेष कार्यक्रम का हिस्सा बनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
अगर आप दिल्ली मेट्रो की महिला यात्री हैं, तो इस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इस अनोखे अवसर को न चूकें। पेबल आर्ट और सुडोकू प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दें और आकर्षक पुरस्कारों के साथ साथ सार्वजनिक सम्मान भी प्राप्त करें।