गुरुग्राम में भारी जाम से लोगों को मिलेगी राहत, जीएमडीए बनाएगी पाँच नए अंडरपास
Haryana News : हरियाणा के शहर गुरुग्राम में आए दिन बढ़ते जाम से अब नागरिकों को मिल जाएगी मुक्ति, जीएमडीए ट्रैफिक जाम से बचने के लिए पांच अंडरपास बनाएगी जिससे लोगों को आने जाने में मदद मिलेगी और समय की बचत होगी इनके निर्माण का पूरा खर्चा जीएमडीए वहन करेगा। इन अंडरपास के बनने से चौराहों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी और यातायात में भी सुधार होगा पुराने गुरुग्राम शहर को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने का खाका तैयार किया जा रहा है।
जल्द ही गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) पुराने शहर में पांच अंडरपास निर्माण के लिए फिजिबिलिटी स्टडी (व्यवहार्यता अध्ययन) शुरू करेगा। गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर हाई पावर्ड कमेटी की पहली बैठक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। बैठक में नगर निगम, एचएसवीपी, एनएचएआइ, डीएचबीवीएन और एचवीपीएनएल तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मेट्रो कॉरिडोर की अड़चनों को दूर करने और परियोजना को तेजी से लागू करने पर चर्चा की गई। अंडरपास निर्माण के लिए होने वाली फिजिबिलिटी स्टडी की लागत जीएमडीए द्वारा वहन की जाएगी। ऐसे स्थान, जहां अंडरपास और मेट्रो रूट का निर्माण स्वतंत्र रूप से किया जा सकता है, वहां संबंधित विभागों को कार्य करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।बता दें कि पुराने शहर में मेट्राे कॉरिडोर और इससे जुड़े क्षेत्रों में मुख्य जाम वाले चौराहों पर यातायात सुगम बनाने के लिए गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड को पांच महत्वपूर्ण स्थानों पर अंडरपास निर्माण का कार्य सौंपा गया है।
यह कार्य डिपाजिट वर्क के रूप में किया जाएगा। इसके लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा जीएमआरएल को बजट दिया जाएगा। जिन पांच स्थानों पर अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, वहां दिनभर हजारों वाहनों का दबाव रहता है। चौराहों को पार करने के लिए लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है। अंडरपास निर्माण के बाद इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। पुराने गुरुग्राम में मेट्रो प्रोजेक्ट के साथ अंडरपास बनने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी।
