अब लखनऊ तक सफर सिर्फ 3.5 घंटे में, 17 जून से शुरू होगा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे

Gorakhpur Link Expressway: उत्तर प्रदेश सफर को रफ्तार देने के लिए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 17 जून 2025 को होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ करेंगे। अब सिर्फ 5 दिन बचे हैं, जिसके बाद लिंक हाईवे पर फर्राटा भरते वाहन नजर आएंगे।
पहले गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 15 जनवरी को होना था, लेकिन समय पर काम पूरा न होने की वजह से इसमें देरी हो गई। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से पूर्वांचल से लखनऊ का सफर तेज हो गया है। हाईवे की लंबाई 91.35 किलोमीटर है।
यह न सिर्फ पूर्वांचल को लखनऊ से कनेक्टिविटी देगा बल्कि प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भी गेमचेंजर साबित होगा। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर कुल 7 फ्लाईओवर होंगे। इसके साथ ही इस पर 7 बड़े पुल और 27 छोटे पुल भी होंगे। 16 वाहन अंडरपास, 50 छोटे अंडरपास और 35 यात्री अंडरपास बनाए गए।
हाईवे पर 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन दौड़ते नजर आए। लखनऊ और गोरखपुर के बीच यह बेहद खास कनेक्टिविटी है। इससे गोरखपुर से लखनऊ का सफर साढ़े तीन घंटे में पूरा हो जाएगा। अभी यह सफर 5 घंटे से ज्यादा का है। हाईवे पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाया जाएगा।
लिंक हाईवे से सबसे ज्यादा फायदा गोरखपुर, अंबेडकरनगर, संतकबीरनगर और आजमगढ़ जिलों को होगा। इसके अलावा गोरखपुर से बस्ती, अयोध्या तक फोर लेन पर लोगों को जाम से परेशान नहीं होना पड़ेगा। लिंक हाईवे बनने से लोगों को राहत मिली है।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद उत्तर प्रदेश भी नया कीर्तिमान बनाएगा। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद प्रदेश के कुल 8 हाईवे पर वाहन फर्राटा भरते नजर आएंगे। यूपी देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा जिसके पास 8 चालू हाईवे होंगे। अगर आप पूर्वांचल से राजधानी की ओर सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो 17 जून के बाद आपकी यात्रा कहीं अधिक सुहानी होगी।