हरविंदर कल्याण बने विधानसभा चुनाव के स्पीकर, जानें पूरी जानकारी

Haryana Assembly Speaker: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जबकि कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने उनका समर्थन किया। प्रोटेम स्पीकर रघुबीर सिंह कादियान ने अन्य दलों द्वारा कोई विरोध नहीं जताए जाने के बाद हरविंदर कल्याण की नियुक्ति की घोषणा की। इस चुनाव के साथ ही कल्याण 15वीं हरियाणा विधानसभा के 18वें अध्यक्ष बन गए हैं।
वहीं जींद से लगातार तीसरी बार विधायक बनने वाले कृष्ण मिड्ढा को डिप्टी स्पीकर बनाया गया है। हरविंदर कल्याण घरौंडा सीट से लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। हरविंदर कल्याण रोड समाज से आते हैं। मंत्रिमंडल में एक भी रोड मंत्री को जगह नहीं मिल पाई थी, ऐसे में अटकलें लगाई जा रही थी कि उन्हें स्पीकर बनाया जा सकता है। हरविंदर कल्याण पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के भी करीबी माने जाते हैं।
करनाल सीट भारतीय जनता पार्टी के लिए बेहद ही अहम रही है। इस सीट के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी ने जीत दर्ज की है। अब हरविंदर कल्याण के राजनीतिक सफर की बात करें तो वह करनाल के कुटैल गांव के मूल निवासी हैं। कल्याण ने बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने से पहले युवा कांग्रेस के साथ अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। बसपा के टिकट पर 2009 का विधानसभा चुनाव लड़ा और उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा।
वह आखिरकार भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। 2014 में अपनी पहली सीट जीती जब पार्टी ने हरियाणा में सत्ता संभाली। उन्होंने 2019 और 2024 में अपनी सीट बरकरार रखी। हरविंदर कल्याण ने महाराष्ट्र की अमरावती यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिं में ग्रेजुएशन की है। चुनाव आयोग के मुताबिक, उन्होंने अपने हलफनामे में लगभग 7 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। कल्याण के परिवार की सार्वजनिक सेवा में गहरी जड़ें हैं। उनके पिता देवी सिंह कल्याण हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष थे। कल्याण की पत्नी रेशमा कल्याण, मनोहर नाइक की बेटी हैं। वह महाराष्ट्र की पुसद विधानसभा सीट से कई बार विधायक रह चुके हैं।