Khelorajasthan

‘खेलो राजस्थान गेम्स 2026’ का आगाज 1 दिसंबर से, तीन चरणों में होंगी 12 खेल प्रतियोगिताएं

 
खेलो राजस्थान

Khelo Rajasthan Games 2026 प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राज्य स्तर पर एक बड़ा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद् द्वारा ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ की तर्ज पर ‘खेलो राजस्थान गेम्स 2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बजट घोषणा (2024-25) की अनुपालना में आयोजित होने वाले इस खेल महाकुंभ का शुभारंभ 1 दिसंबर 2026 से प्रस्तावित है। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में उदयपुर जिले में भी इन खेलों को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, और पंजीयन को लेकर खिलाड़ियों व आमजन में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


तीन चरणों में आयोजित होंगे 12 खेल


इस खेल महाकुंभ में सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। कुल 12 खेलों को तीन अलग-अलग चरणों में विभाजित किया गया है:
• प्रथम चरण (1 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 - कुल 46 दिन): इसमें वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी और तीरंदाजी की प्रतियोगिताएं होंगी।
• द्वितीय चरण (1 अप्रैल से 15 मई 2027 - कुल 45 दिन): इस चरण में कबड्डी, फुटबॉल, जूडो और शूटिंग के मुकाबले खेले जाएंगे।
• तृतीय चरण (15 अगस्त से 30 सितंबर 2027 - कुल 47 दिन): अंतिम चरण में खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल और पारंपरिक खेल सतोलिया का आयोजन होगा।


ग्रामीण और शहरी स्तर पर आयोजन की रूपरेखा


प्रतियोगिताओं का आयोजन ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग स्तरों पर किया जाएगा ताकि हर कोने से प्रतिभाएं सामने आ सकें:
• ग्रामीण क्षेत्र (कुल 46 दिन): ग्राम पंचायत स्तर पर 26 दिन, ब्लॉक स्तर पर 10 दिन, जिला स्तर पर 5 दिन और राज्य स्तर पर 5 दिन तक मुकाबले चलेंगे।


• शहरी क्षेत्र (कुल 24 दिन): नगर पालिका, नगर परिषद एवं नगर निगम स्तर पर 14 दिन, जिला स्तर पर 5 दिन और राज्य स्तर पर 5 दिन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।


जनआधार कार्ड से होगा ऑनलाइन पंजीयन


जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने जानकारी दी कि खिलाड़ियों के सुगम पंजीकरण के लिए विभाग द्वारा आधिकारिक पोर्टल (khelorajasthan.rajasthan.gov.in) शुरू किया गया है। प्रदेश का कोई भी इच्छुक खिलाड़ी अपने जनआधार कार्ड का विवरण दर्ज कर आसानी से ऑनलाइन पंजीयन करवा सकता है। डॉ. पालीवाल ने जिले के अधिक से अधिक नागरिकों और खिलाड़ियों से रजिस्ट्रेशन करवाकर इस महाकुंभ में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।