हरियाणा में बदलेगा मौसम, फिर आएगा नया पश्चिमी विक्षोभ जानिए जानिए अगले 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान

Haryana Weather News: हरियाणा में मौसम लगातार करवट ले रहा है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ के अनुसार, 23 मई 2025 तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा और इसके बाद फिर से मौसम में बदलाव की संभावना है।
23 मई तक राज्य में कम सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण हल्की से मध्यम हवाएं चलने तथा बीच-बीच में बादल छाने की संभावना है।
19 व 20 मई को राज्य के उत्तरी क्षेत्र के जिलों में तथा 21 मई को दक्षिणी व पश्चिमी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हवा के साथ छिटपुट बारिश व हल्की बारिश होने की संभावना है। 24 मई से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा।
इसके आंशिक प्रभाव से 24 मई की रात से राज्य में फिर मौसम बदलेगा और बारिश के आसार बनेंगे। कल शनिवार से पहले राज्य के अधिकतर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था।
भिवानी जिले में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के लगभग सभी जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया, लेकिन सबसे अधिक बढ़ोतरी करनाल के तापमान में हुई। यहां का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के बाद 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा का मौसम अगले कुछ दिनों तक अस्थिर और परिवर्तनशील बना रहेगा। जहां एक ओर तापमान 40°C से ऊपर बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर छिटपुट बारिश और पश्चिमी विक्षोभ थोड़ी राहत की उम्मीद दे रहे हैं। किसानों और आम लोगों को मौसम विभाग की ताज़ा चेतावनियों और अपडेट पर ध्यान देना जरूरी है।