Mahindra SUV: इस SUV को खरीदना है तो करना होगा लंबा इंतजार, जानें स्कॉर्पियो N से XUV7 तक का वेटिंग पीरियड

Mahindra SUV: वाहन दिग्गज महिंद्रा एंड महिंद्रा ने घोषणा की थी कि वह इस साल के अंत तक अपनी मासिक उत्पादन क्षमता लगभग 49,000 यूनिट तक बढ़ाएगी। कंपनी ने इस पर काम भी शुरू कर दिया है.
आपको बता दें कि कंपनी की कुछ फ्लैगशिप एसयूवी पर काफी लंबा वेटिंग पीरियड चल रहा है। ऐसे में, उत्पादन बढ़ने से स्कॉर्पियो-एन, स्कॉर्पियो क्लासिक, एक्सयूवी700 और थार जैसी एसयूवी की प्रतीक्षा अवधि कम होने की उम्मीद है।
फिलहाल कंपनी की मासिक उत्पादन क्षमता 39,000 यूनिट है। अगर आप भी इस समय कंपनी की कोई नई एसयूवी खरीदने का प्लान कर रहे हैं। तो आज इस रिपोर्ट में हम आपको स्कॉर्पियो, एक्सयूवी700 और थार के वेटिंग पीरियड के बारे में बताएंगे।
महिंद्रा स्कॉर्पियो एन और स्कॉर्पियो क्लासिक की प्रतीक्षा अवधि
अभी स्कॉर्पियो-एन के Z8L पेट्रोल और डीजल ऑटोमैटिक वेरिएंट पर सबसे कम वेटिंग पीरियड मिल रहा है। कंपनी इसके पेट्रोल वेरिएंट पर 2-3 महीने और डीजल वेरिएंट पर 1-2 महीने का वेटिंग पीरियड दे रही है।
जबकि इसके Z4, Z6 और Z8 डीजल ऑटोमैटिक वेरिएंट पर 2 से 3 महीने का वेटिंग पीरियड चल रहा है। लेकिन इसके इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ईएसपी) से लैस सभी पेट्रोल और डीजल वेरिएंट पर आपको 9 महीने तक का वेटिंग पीरियड मिलेगा।
कंपनी इसके Z4 पेट्रोल और डीजल मैनुअल, Z6 डीजल मैनुअल, Z8 पेट्रोल मैनुअल और Z8L डीजल मैनुअल वेरिएंट पर 6 से 8 महीने का वेटिंग पीरियड दे रही है। वहीं, दूसरी तरफ स्कॉर्पियो क्लासिक एस और एस11 वेरिएंट पर आपको फिलहाल 4 महीने तक का वेटिंग पीरियड मिलेगा।
Mahindra XUV700 पर प्रतीक्षा अवधि
कंपनी अपनी एसयूवी महिंद्रा XUV700 के AX5 पेट्रोल और डीजल वेरिएंट पर 3 महीने तक का वेटिंग पीरियड दे रही है। जबकि इसके AX7 वेरिएंट पर 5 महीने तक का वेटिंग पीरियड दिया जा रहा है। अगर आप इसका AX7L पेट्रोल और डीजल वर्जन खरीदना चाहते हैं।
तो अभी इस पर आपको 6 महीने तक का वेटिंग पीरियड मिलेगा। इसके MX और AX3 पेट्रोल और डीजल वेरिएंट पर कंपनी 2 महीने तक का वेटिंग पीरियड दे रही है।
महिंद्रा थार पर प्रतीक्षा अवधि
महिंद्रा थार के 4X2 वेरिएंट पर अभी कंपनी 15 से 16 महीने का वेटिंग पीरियड दे रही है। जबकि इसके 4X4 पेट्रोल और डीजल वेरिएंट पर 5 से 6 महीने का वेटिंग पीरियड मिलता है।