'एक राज्य, एक खेल निदेशालय' लागू करने की मांग तेज, राष्ट्रीय पुरस्कृत शिक्षक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
khelo rajasthan: प्रदेश में खेल व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से 'एक राज्य, एक खेल निदेशालय' के गठन की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिवशंकर व्यास ने इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित संबंधित विभागों के मंत्रियों को पत्र भेजकर खेल निदेशालय के गठन की घोषणा को शीघ्र अमलीजामा पहनाने की मांग की है।
सभी खेल संस्थाओं को एक छत के नीचे लाने का आग्रह
व्यास ने मुख्यमंत्री के साथ-साथ उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा, स्कूली शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और खेल एवं युवा मामलात मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को भेजे पत्र में कहा है कि वर्तमान में खेल गतिविधियां अलग-अलग स्तरों पर बंटी हुई हैं। उन्होंने मांग की है कि राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद, स्कूल शिक्षा के खेलकूद तंत्र और विश्वविद्यालयों के स्पोर्ट्स बोर्ड को एकीकृत कर एक ही प्रशासनिक ढांचे के तहत लाया जाए।
फर्जी प्रमाणपत्रों पर लगेगी लगाम, वास्तविक खिलाड़ियों को मिलेगा हक
पत्र में इस बात पर चिंता जताई गई है कि अलग-अलग संस्थाओं की अपनी सूचियां और मान्यताएं होने के कारण खेलों में गंभीर असंगतियां पैदा हो रही हैं। इसका सीधा फायदा उठाकर खेल प्रमाणपत्रों में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा हो रहा है। इस अव्यवस्था के चलते कड़ी मेहनत करने वाले वास्तविक खिलाड़ी सरकारी योजनाओं और प्रोत्साहन के लाभ से वंचित रह जाते हैं।
भर्ती प्रक्रिया और प्रशासनिक सुधार के प्रमुख सुझाव
खेल प्रशासन में व्याप्त खामियों को दूर करने के लिए शिवशंकर व्यास ने सरकार को कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए हैं:
- भर्ती पर अस्थायी रोक: उत्कृष्ट खिलाड़ी (आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्सपर्सन) कोटे के तहत चल रही सरकारी नौकरी की प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगाई जाए, ताकि व्यवस्था में सुधार के बाद ही पारदर्शी चयन हो सके।
- स्थानांतरण नीति: खेल विभाग में होने वाली नियुक्तियों को स्थानांतरण योग्य (ट्रांसफरेबल) बनाया जाए।
- कार्यकाल की सीमा: किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को एक ही पद पर तीन वर्ष से अधिक समय तक न रखा जाए, जिससे एकाधिकार समाप्त हो।
- सलाहकार समिति का गठन: संपूर्ण खेल तंत्र और नियुक्तियों की निष्पक्ष निगरानी के लिए एक उच्च स्तरीय सलाहकार समिति बनाई जाए।
