राजस्थान में 7 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव की लिस्ट जारी, देखें जनता का पसंदीदा उम्मीदवार

Rajasthan Election : सर्वे में कुछ सीट पर पहले और दूसरे उम्मीदवार के बीच बहुत ही कम अंतर देखने को मिला। दौसा में कांग्रेस से जीआर खटाना जहां 30 प्रतिशत वोट के साथ पहले नंबर पर हैं, वहीं सविता मीणा दूसरे नंबर पर रहीं, जिन्हें 29 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया है। इधर खींवसर में कांग्रेस के रघुवेंद्र मिर्धा को 35 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया है।
वहीं, पूर्व जिला प्रमुख बिंदु चौधरी को 33 प्रतिशत लोगों ने सर्वे में पसंदीदा उम्मीदवार बताया है। खींवसर में ही भाजपा के नामों को लेकर भी बहुत करीबी स्थिति देखने को मिली। पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा को 43 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया है। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रेवंतराम डांगा को 42 प्रतिशत वोट मिले हैं। रामगढ़ में पूर्व विधायक सफिया खान को 38 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया है। उनके बेटे आर्यन खान को 35 प्रतिशत वोट मिले हैं। ऐसी ही तस्वीर भाजपा में सामने आई।
भाजपा से सुखवंत सिंह को 31 प्रतिशत लोगों ने बतौर उम्मीदवार पसंद किया तो 30 प्रतिशत लोगों ने बनवारी लाल सिंघल को वोट दिया। भाजपा और कांग्रेस के तीन-तीन नाम के अलावा सर्वे में इन पार्टियों से अन्य का विकल्प भी दिया गया था। इनमें सबसे अधिक दौसा में कांग्रेस से 507 नाम पसंद किए गए। इनमें सबसे ज्यादा नरेश मीना का नाम पसंद किया गया है।
वहीं, भाजपा में 397 नाम नॉमिनेट हुए। जबकि सबसे कम अन्य नाम सलूंबर से कांग्रेस में 32 नॉमिनेट किए गए। झुंझुनूं से राजेंद्र गुढ़ा भाजपा और कांग्रेस दोनों राजनीतिक दलों में बतौर उम्मीदवार पसंद किए गए हैं। खींवसर में दुर्गसिंह भाजपा और कांग्रेस के साथ-साथ रालोपा में भी पसंद किए गए हैं। साथ ही अन्य का भी ऑप्शन दिया गया था। सात दिन तक पब्लिश सर्वे में 1 लाख 84 हजार लोग शामिल हुए और अपनी राय रखी।