राजस्थान में नदी तालाबों बांधों को लगेंगे चार चाँद! सीएम भजनलाल शर्मा ने जारी किए निर्देश

Rajasthan News: राजस्थान में विश्व पर्यावरण दिवस और गंगा दशमी के शुभ अवसर पर 5 जून 2025 से एक विशेष जलाशयों के पुनर्जीवन और हरियाली बढ़ाने का अभियान शुरू होने जा रहा है। इस राज्यव्यापी पहल की शुरुआत जयपुर के रामगढ़ जलाशय से होगी। यह अभियान राजस्थान पत्रिका की पहल और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों पर आधारित है, जिसे जन आंदोलन का रूप देने की तैयारी है।
प्रमुख सचिव सुधांश पंत ने अभियान की योजना पर चर्चा की और इसमें शामिल सभी आठ विभागों की कार्ययोजना मांगी। उधर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को अभियान की तैयारियों को लेकर अभियान से जुड़े विभागों के मंत्रियों, प्रधानों, कलेक्टरों और संभागीय आयुक्तों के साथ बैठक करेंगे।
प्रमुख सचिव सुधांश पंत ने मंगलवार को अभियान के तहत जल संसाधन, भूजल, कृषि, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, वन एवं पर्यावरण और आयोजना समेत आठ विभागों के अतिरिक्त प्रमुख सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक की।
अभियान के लिए जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त प्रमुख सचिव अभय कुमार को नोडल अभियान अधिकारी बनाया गया है। बैठक में शामिल अधिकारियों को तीन दिन के लिए तालाबों, छोटे बांधों और पानी के अन्य स्रोतों की सूची तैयार करने को कहा गया।
प्रमुख सचिव पंत के निर्देशानुसार जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त प्रमुख सचिव अभय कुमार ने अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार शाम सभी जिला परिषदों के कार्यकारी पार्षदों की बैठक ली। इस दौरान उन्हें अभियान के लिए कार्यों की पहचान करने और उसे पूरा करने की योजना तैयार करने को कहा गया।
मिट्टी और गाद निकालने के लिए नदियों समेत पुराने जल निकायों की सफाई, तालाबों की क्षमता बढ़ाने के लिए गाद निकालना, जल स्रोतों का जीर्णोद्धार, वर्षा जल संरक्षण के प्रयास और संबंधित वृक्षारोपण कार्य किए जाएंगे। अभियान में लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। इससे सरकारी आयोजन की बजाय सार्वजनिक अभियान बन जाएगा।