जयपुर ट्रैफिक को मिलेगी बड़ी राहत, सांगानेर एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट सफर को देगा नई स्पीड, जानिए पूरी योजना
Jaipur News: जयपुर की ट्रैफिक समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने सांगानेर एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए 240 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। यह प्रोजेक्ट राजधानी के दक्षिणी हिस्से में यातायात का बड़ा बोझ कम करेगा। जुलाई 2025 से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
आपको बता दें कि सांगानेर फ्लाईओवर से चोरड़िया पेट्रोल पंप तक एलिवेटेड रोड चार लेन की होगी। पेट्रोल पंप जंक्शन पर सड़क को दो भागों में विभाजित किया जाएगा और दो लेन की एलिवेटेड रोड मालपुरा गेट को पार करेगी।
सीएमओ ने जेडीए को 15 जुलाई से पहले प्रोजेक्ट के वर्क ऑर्डर जारी करने के निर्देश दिए थे। सड़क बनने के बाद वाहन चालक टोंक रोड से चोरड़िया पेट्रोल पंप होते हुए न्यू सांगानेर रोड रेलवे सरफेस ब्रिज तक आसानी से पहुंच सकेंगे। सांगा सेतु से पेट्रोल पंप तक की सड़क को 60-70 मीटर से बढ़ाकर 100 फीट किया जाएगा।
इसके लिए जेडीए को करीब 125 निर्माण तोड़ने पड़े थे। डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने पिछले वित्तीय वर्ष में अपने बजट भाषण में राजधानी सांगानेर में 170 करोड़ रुपए की लागत से एलिवेटेड रोड बनाने की घोषणा की थी।
पहले यह एलिवेटेड रोड सांगानेर फ्लाईओवर से चोरड़िया पेट्रोल पंप तक ही बनाई जानी थी। लेकिन, यातायात की तत्काल जरूरत को देखते हुए एलिवेटेड रोड को मालपुरा गेट से आगे ले जाने का निर्णय लिया गया।
