Weather News: फिर सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ, दिल्ली के साथ ही NCR में बदलेगा मौसम, जानें
Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, 24 मार्च से 29 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 24 से 27 मार्च के दौरान तथा उत्तराखंड में 26 से 28 मार्च के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में 26मार्च को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
हरियाणा के इस जिले में बनेगी पहली IIT, केंद्र ने दी 6 जिले में भूमि खोज की मंजूरी, जानें
इस पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली एनसीआर के इलाकों में भी देखने को मिलेगा। दिल्ली एनसीआर में 27, 28 और 29 मार्च को अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा। 28 और 29 मार्च को दिल्ली एनसीआर के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दिल्ली में 24 मार्च को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 25 और 26 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा।